जमीन विवाद में खूनी झड़प, मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला, तीन घायल
जमीन विवाद में खूनी झड़प, मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला, तीन घायल
जमीन विवाद में खूनी झड़प, मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला, तीन घायल
दस्तक 7 मिडिया घनश्यामपुर, दरभंगा।
स्थानीय थाना क्षेत्र के सनकन्हैई गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में दादी और पोती समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरौल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित मो.अरमान आलम ने बताया कि पड़ोसी लाल मोहम्मद और उनके परिवार के साथ उनका जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस विवादित भूमि पर धारा 144 लागू होने के बावजूद आरोपी पक्ष कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। आरोप है कि उन्होंने बाहर से अपने रिश्तेदारों को बुलाकर हथियार के बल पर जमीन पर जबरन दीवार निर्माण शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, 24 अप्रैल की रात और 25 अप्रैल की सुबह आरोपियों ने दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी मां आमना खातून के सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं बचाव के लिए आगे आई उनकी 15 वर्षीय पोती पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी उंगली का हिस्सा कट गया। घटना के दौरान पीड़ित परिवार के अन्य सदस्य भी मारपीट में घायल हुए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल बिरौल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आमना खातून को गंभीर हालत में डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।