लहेरियासराय थाना में लंबित कांडों की समीक्षा, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार को लहेरियासराय थाना में अनुसंधान बैठक आयोजित कर थाना में लंबित सभी कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष सहित सभी अनुसंधानकर्ता एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक ने कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए माननीय न्यायालय से वारंट एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने पर बल दिया।

बैठक के दौरान अनुसंधानकर्ताओं को कांड दैनिकी नियमित रूप से अद्यतन रखने, लंबित मामलों को चिन्हित कर माह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा थाना के सभी पंजी अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने, विधि-व्यवस्था संधारण को सुदृढ़ रखने एवं डायल 112 को लगातार भ्रमणशील बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए।