मिथिला में सीता जयंती पर भव्य आयोजन, रामायण कथा एवं भंडारे के साथ हुआ समापन

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा/हायाघाट 

मिथिला की पावन धरती पर माता सीता के जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस खास दिन को लेकर दरभंगा जिले के सिधौली पंचायत अंतर्गत शुभेपट्टी गांव में भव्य रामायण कथा एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री श्री 108 राधा-कृष्ण मूर्ति स्थापना एवं कलश शोभा यात्रा के साथ हुई। बीते 18 तारीख से प्रतिदिन आयोजित हो रही रामायण कथा का समापन आज हुआ। कथा वाचन के लिए वृंदावन से आए महाराज जी ने श्रद्धालुओं को भगवान राम और माता सीता के जीवन प्रसंगों से भावविभोर कर दिया।इस अवसर पर उपस्थित रामचरित्र शर्मा ने कहा कि यह आयोजन विश्व कल्याण और शांति की कामना के लिए किया गया है। उन्होंने प्रकृति में संतुलन और समाज में सुख-शांति की प्रार्थना की। वहीं आयोजनकर्ता अशोक शर्मा ने इसे पूरे गांव के लिए गौरव का विषय बताया और कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन से समाज में भक्ति और एकता का वातावरण बनता है।

कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं से अपने धर्म के प्रति जागरूक रहने और उसे पहचानने का आह्वान भी किया गया। मौके पर गौरी शर्मा, संतोष शर्मा, मंतोष शर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं रामभद्रपुर पंचायत के सरपंच समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अंत में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान चौधरी भगवान राज द्वारा हवन-पूजन कर सभी को आशीर्वाद दिया गया।पूरे आयोजन ने मिथिला की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जीवंत करते हुए श्रद्धा और उत्साह का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।