दरभंगा में इंटर विशेष व कम्पार्टमेंटल परीक्षा को लेकर कड़े इंतजाम, 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू,02 से 11 मई तक 6 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा, मोबाइल-ब्लूटूथ पूरी तरह प्रतिबंधित

दस्तक 7मीडिया,दरभंगा

इंटरमीडिएट विशेष एवं कम्पार्टमेंटल (सैद्धांतिक) परीक्षा-2026 के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त तैयारी कर ली है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के निर्देश पर जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिले के कुल 6 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा 02, 04, 05, 06, 07, 08, 09 और 11 मई को आयोजित होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी—पहली पाली सुबह 09:30 से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 02:00 से 05:15 बजे तक। दोनों पालियों में 15 मिनट का “कूल ऑफ टाइम” भी निर्धारित किया गया है।

परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस दौरान किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच आदि के उपयोग और प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन ने हर केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल की तैनाती की है, जिन्हें परीक्षा दिवस पर सुबह 07:30 बजे तक उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। परीक्षार्थियों की एंट्री से पहले सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) की जाएगी और प्रवेश पत्र के साथ फोटो पहचान पत्र का मिलान करने के बाद ही अंदर जाने की अनुमति मिलेगी।

स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले तक ही प्रवेश मिलेगा। देर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र के अंदर और आसपास अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी, वहीं भीड़ जुटने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए महिला पुलिस और कर्मियों की विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा कार्य में लगे सभी कर्मियों को पहचान पत्र पहनना अनिवार्य होगा और उनके लिए भी मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर रोक रहेगी।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या कदाचार पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए।