मॉडल विद्यालयों के लिए शिक्षक चयन प्रक्रिया पूरी, साक्षात्कार व प्रमाण पत्र सत्यापन सफलतापूर्वक सम्पन्न,

ई-शिक्षाकोष के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर हुआ मूल्यांकन, योग्यता व अनुभव की हुई गहन जांच

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

मॉडल विद्यालयों में शिक्षकों के चयन को लेकर चल रही प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार एवं प्रमाण पत्र सत्यापन का कार्य शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। यह प्रक्रिया निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत ई-शिक्षाकोष से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के आधार पर आयोजित की गई।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर उप विकास आयुक्त स्वप्निल की देखरेख में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ-साथ उनके अनुभव और अन्य दावों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि बोर्ड/आकलन कार्य से जुड़े अंकों का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को दिया गया, जिन्होंने परीक्षक, मूल्यांकनकर्ता, केंद्र अधीक्षक, ऑब्जर्वर या मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य करने के प्रमाण प्रस्तुत किए।

इसके अलावा 10 अंकों के प्रदर्शन मूल्यांकन के लिए अभ्यर्थियों को विद्यालय स्तरीय नवाचारों के प्रमाण, टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के उपयोग से संबंधित फोटो व नमूने, आईटी आधारित शिक्षण के वीडियो या लॉग तथा बोर्ड परीक्षा परिणामों में उनके योगदान से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया था।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी, केंद्रीय विद्यालय दरभंगा के प्राचार्य ऋषि रमन, डायट दरभंगा के प्राचार्य संजय चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।