दरभंगा, जमीन विवाद में पति ने की पत्नी की हत्या, आरोपी पति पुलिस हिरासत में

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा। 

जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के कमरकल्ला ग्राम से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां आपसी कलह और जमीन विवाद के कारण एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। मृतिका की पहचान अमरूद खातून पति मो.अब्दुल खालीक उर्फ खुदाबख्श के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अब्दुल खालीक ने लगभग एक वर्ष पूर्व दूसरी शादी की थी। तभी से घर में कलह का माहौल बना रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों पत्नियों के बीच जमीन के हिस्से को लेकर अक्सर विवाद होता था और इस बात को लेकर आए दिन मारपीट की नौबत आती थी।

जमीन के इसी विवाद ने शुक्रवार की रात हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान पति अब्दुल खालीक उर्फ खुदाबख्श ने अपनी पहली पत्नी अमरूद खातून पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बिरौल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अमृत लाल वर्मन,एसआई शशि भुषण रजक,एसआई मुन्नी कुमारी, पीएसआई आभा कुमारी दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर तहकिकात शुरू कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति अब्दुल खालीक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल की टीम ने घटना स्थल से महत्वपूर्ण सामग्री एकत्रित कर अपने साथ ले गई। पुनि पर्यवेक्षी पदाधिकारी सह प्रभारी थानाध्यक्ष अमृत लाल वर्मन ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी हिरासत में है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है।