गैस एजेंसियों की लापरवाही पर सख्ती, 27 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
गैस एजेंसियों की लापरवाही पर सख्ती, 27 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
गैस एजेंसियों की लापरवाही पर सख्ती, 27 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। रविवार (26 अप्रैल) को जिले में 27 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला आपूर्ति विभाग के अनुसार शनिवार को जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 9107 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 6936, बेनीपुर में 1090 और बिरौल में 1081 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं, एजेंसियों के गोदामों में अभी भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। सदर में 7644, बेनीपुर में 1488 और बिरौल में 2814 सिलेंडर शेष हैं। इस प्रकार जिले में कुल 11946 एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं।
प्रशासन ने जानकारी दी कि रविवार को दरभंगा सदर अनुमंडल में 19264, बेनीपुर में 3794 तथा बिरौल में 4347 सिलेंडर वितरण का लक्ष्य रखा गया है। उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि विभागीय नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध करा दी जाती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शादी-विवाह या अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर अलग से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में भी तय प्रक्रिया के अनुसार उपभोक्ताओं को समय पर गैस दी जा रही है।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से वितरण सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मुनाफाखोरी और जमाखोरी पर भी कड़ी नजर रखने की बात कही है।
किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (फोन नंबर: 06272-245055) पर संपर्क करने की अपील की गई है। प्रशासन के अनुसार अब तक 1939 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें अधिकांश का समाधान कर दिया गया है।