डायल-112 की कार्यप्रणाली सुधारने पर जोर, SSP ने दिए सख्त निर्देश,रिस्पॉन्स टाइम बेहतर करने, आमजन से संवेदनशील व्यवहार और त्वरित कार्रवाई पर विशेष फोकस

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) दरभंगा द्वारा शुक्रवार को ERSS (इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम) से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन उनके कार्यालय कक्ष में किया गया। बैठक में ERV/MERV से जुड़े सभी पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी एवं चालक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान SSP ने डायल-112 की सेवा को और प्रभावी बनाने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रिस्पॉन्स टाइम को कम करने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए। साथ ही आम जनता के साथ सहानुभूतिपूर्ण एवं शालीन व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए।

SSP ने कहा कि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पहले उसका सत्यापन करें और उसकी गंभीरता को समझते हुए तुरंत संबंधित थानाध्यक्ष एवं वरीय अधिकारियों को सही और सटीक जानकारी दें। सूचक से बात करने के बाद बिना विलंब किए घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी कर्मियों को अपने कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने, MDT (मोबाइल डेटा टर्मिनल) को हमेशा सक्रिय रखने तथा आपसी समन्वय और सहयोग की भावना के साथ कार्य करने की सख्त हिदायत दी।

बैठक के अंत में SSP ने कहा कि डायल-112 आम जनता की सुरक्षा का अहम माध्यम है, इसलिए इसकी कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।