ट्रैफिक चालान के नाम पर साइबर ठगी का नया जाल, लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़ रहे पैसे
दस्तक 7मीडिया/दरभंगा
जिले में साइबर ठगों ने ठगी का एक नया तरीका अपनाया है, जिसमें आम लोगों को Traffic Challan के नाम पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर उनके बैंक खातों से पैसे उड़ा लिए जा रहे हैं। इस संबंध में दरभंगा पुलिस ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, ठगों द्वारा लोगों के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से एक संदेश भेजा जा रहा है, जिसमें बताया जाता है कि उनका ट्रैफिक चालान कट गया है और जुर्माना भरने के लिए एक लिंक दिया जाता है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, उसके मोबाइल या बैंकिंग डिटेल्स तक ठगों की पहुंच बन जाती है और खाते से पैसे की निकासी हो जाती है।
हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है, जिससे कई लोग आर्थिक नुकसान का शिकार हो चुके हैं। साइबर अपराधी आमतौर पर ऐसे मैसेज को आधिकारिक दिखाने के लिए सरकारी लोगो और भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जिससे लोग आसानी से भ्रमित हो जाते हैं।
दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का ट्रैफिक चालान व्हाट्सएप लिंक के माध्यम से नहीं भेजा जाता है। चालान की जानकारी केवल अधिकृत सरकारी वेबसाइट या आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त होती है।
पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें,व्हाट्सएप या SMS के माध्यम से आए चालान संदेशों पर तुरंत भरोसा न करें,अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाना से संपर्क करें
