जनता दरबार व जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, 80 से अधिक मामलों की सुनवाई; कई शिकायतों का ऑन स्पॉट समाधान
जनता दरबार व जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, 80 से अधिक मामलों की सुनवाई; कई शिकायतों का ऑन स्पॉट समाधान
जनता दरबार व जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, 80 से अधिक मामलों की सुनवाई; कई शिकायतों का ऑन स्पॉट समाधान
दस्तक 7मीडिया/दरभंगा
समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) स्वप्निल एवं अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल मिलाकर 80 से अधिक मामलों की सुनवाई की गई।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से 45 से अधिक परिवादी शामिल हुए, जिनमें करीब 40 ऑनलाइन एवं 5 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, जनसुनवाई कार्यक्रम में 34 से अधिक मामलों पर विस्तृत विचार किया गया। इनमें से लगभग 17 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा, गृह, ग्रामीण विकास, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, राजस्व, पंचायती राज, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। खासकर भूमि विवाद, अतिक्रमण, वासगीत पर्चा, आयुष्मान कार्ड एवं बिजली से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं।
अधिकारियों ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा कई मामलों का त्वरित समाधान किया। लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आवेदकों को प्रगति की जानकारी दी जाए।
डीडीसी स्वप्निल ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पादन विधिसम्मत एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए।
कार्यक्रम में उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, डीसीएलआर बिरौल, आईटी पदाधिकारी पूजा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे