दरभंगा में गैस आपूर्ति दुरुस्त, 25 अप्रैल को 24 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को वरीय अधिकारियों ने 5 गैस एजेंसियों/गोदामों और 12 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिले में कुल 8243 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 6605, बेनीपुर में 744 और बिरौल अनुमंडल में शेष सिलेंडर वितरित किए गए।

वहीं, एजेंसियों के गोदामों में अब भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सदर अनुमंडल में 6869, बेनीपुर में 239 और बिरौल में 2282 सिलेंडर शेष हैं। इस प्रकार जिले में कुल 9390 सिलेंडर उपलब्ध हैं।

प्रशासन ने 25 अप्रैल के लिए बड़े स्तर पर वितरण की तैयारी की है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सदर अनुमंडल में 18,489, बेनीपुर में 2,545 और बिरौल में 3,815 सिलेंडर वितरित किए जाएंगे। कुल मिलाकर 24 हजार से अधिक सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की योजना है।

उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06272-245055 पर संपर्क किया जा सकता है।