दरभंगा पुलिस केन्द्र में रैतिक परेड आयोजित, वरीय पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

पुलिस केन्द्र लहेरियासराय (दरभंगा) में शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (नगर), उपाधीक्षक (रक्षित) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

परेड के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस, अनुशासन और एकरूपता को बनाए रखना रहा।

इस दौरान पुलिसकर्मियों को दौड़ एवं ड्रिल के माध्यम से फिटनेस पर जोर दिया गया। साथ ही टर्नआउट चेक के तहत वर्दी की स्वच्छता और अनुशासन की जांच की गई। टोलीवार ड्रिल कराकर बल में समन्वय और एकरूपता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।

पुलिस केन्द्र दरभंगा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु सिपाहियों के सर्वांगीण विकास के लिए योग प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे उनके मानसिक, शारीरिक और आत्मिक विकास को बढ़ावा मिल सके।

इसके अतिरिक्त वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस केन्द्र की विभिन्न शाखाओं, बैरकों की साफ-सफाई तथा वाहनों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।