दरभंगा में मॉडल विद्यालयों के लिए शिक्षक चयन प्रक्रिया शुरू, 25 अप्रैल तक होंगे साक्षात्कार
दरभंगा में मॉडल विद्यालयों के लिए शिक्षक चयन प्रक्रिया शुरू, 25 अप्रैल तक होंगे साक्षात्कार
दरभंगा में मॉडल विद्यालयों के लिए शिक्षक चयन प्रक्रिया शुरू, 25 अप्रैल तक होंगे साक्षात्कार
दस्तक 7मीडिया/दरभंगा
जिले के मॉडल विद्यालयों में शिक्षकों के चयन को लेकर साक्षात्कार एवं प्रमाण-पत्र सत्यापन की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 25 अप्रैल तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी।
जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर उप विकास आयुक्त स्वप्निल की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में साक्षात्कार एवं दस्तावेज सत्यापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ई-शिक्षाकोष के माध्यम से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के आधार पर अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह 9 बजे अपने सभी आवश्यक स्वअभिप्रमाणित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। प्रमाण आधारित मूल्यांकन प्रणाली के तहत प्रत्येक दावे के समर्थन में वैध प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
बोर्ड एवं आकलन कार्य से जुड़े अनुभव के अंक उन्हीं अभ्यर्थियों को दिए जाएंगे, जो परीक्षक, मूल्यांकनकर्ता, केंद्र अधीक्षक, ऑब्जर्वर या मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य करने का प्रमाण प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा, नवाचार, टीएलएम के उपयोग, आईटी आधारित शिक्षण और बोर्ड परीक्षा परिणाम में योगदान से जुड़े प्रमाण भी अनिवार्य किए गए हैं।
सभी दावों का सत्यापन विद्यालय प्रधान या जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया को सफल बनाएं।
इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी, केंद्रीय विद्यालय दरभंगा के प्राचार्य ऋषि रमन, डाइट दरभंगा के प्राचार्य संजय चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।