संजय कुमार झा फिर बने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, मिथिलांचल में खुशी की लहर

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पार्टी की नई राष्ट्रीय कमिटी का गठन किया गया है। इस क्रम में राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा को पुनः राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पुनर्नियुक्ति की खबर से मिथिलांचल समेत पूरे बिहार के पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

जदयू विधि प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील कुमार चौधरी एवं जिला महासचिव खुशबु सिंह द्वारा जारी संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि संजय कुमार झा, जिन्हें “मिथिला का लाल” और “विकास पुरुष” के रूप में जाना जाता है, ने राष्ट्रीय राजनीति में बिहार का गौरव बढ़ाया है। वर्तमान में वे राज्यसभा सदस्य हैं और जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण सहित कोसी-मेची नदी जोड़ परियोजना जैसे अहम मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री रहते हुए उन्होंने पश्चिमी कोसी नहर, बागमती परियोजना और कमला नहर प्रणाली को गति देने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके कार्यकाल को “सिंचाई क्रांति” के रूप में याद किया जाता है।

दरभंगा के विकास में उनके योगदान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। उनके प्रयासों से दरभंगा एयरपोर्ट की स्थापना संभव हो सकी, जिससे उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार हुआ। इसके अलावा दरभंगा एम्स की स्वीकृति और स्थापना में भी उनकी अहम भूमिका रही है।

पर्यटन क्षेत्र में भी उन्होंने बलिराजगढ़ के पुरातात्विक स्थल के विकास और संरक्षण के लिए पहल कर मिथिला की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का प्रयास किया है।

जदयू कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि संजय कुमार झा के नेतृत्व में पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी तथा बिहार के विकास से जुड़े मुद्दे केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगे।