पटना में जनगणना 2027 को लेकर जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित,

स्व-गणना 17 अप्रैल से, मकानसूचीकरण 2 मई से शुरू होगा अभियान

दस्तक 7मीडिया/पटना

बिहार पुलिस मुख्यालय स्थित सरदार पटेल भवन में आज जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनय कुमार, पुलिस महानिदेशक, बिहार ने की।

इस अवसर पर रंजीता, भा०प्र०से०, निदेशक-सह-मुख्य जनगणना पदाधिकारी, बिहार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ बिहार पुलिस एवं जनगणना निदेशालय के कई वरीय पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान जनगणना 2027 के प्रथम चरण की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया जाएगा। प्रथम चरण के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया 17 अप्रैल से 1 मई तक चलेगी, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद मकानसूचीकरण (House Listing) का कार्य 2 मई से 31 मई तक किया जाएगा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह न केवल जनसंख्या का आंकड़ा जुटाने का माध्यम है, बल्कि सरकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में भी इसकी अहम भूमिका होती है।

पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को पूर्ण सहयोग दें और आम जनता को इस अभियान के प्रति जागरूक करें।

वहीं, रंजीता ने कहा कि जनभागीदारी के बिना जनगणना का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने जनगणना को सफल बनाने के लिए समन्वय और सहयोग पर जोर दिया तथा इसे एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी के रूप में निभाने का संकल्प लिया।