जदयू की नई राष्ट्रीय टीम घोषित, संजय कुमार झा को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी । नज़रे आलम ने बताया ‘संगठन के लिए ऐतिहासिक फैसला’

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई सूची जारी कर संगठन को नई दिशा और मजबूती देने का संदेश दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में घोषित इस टीम में वरिष्ठ और अनुभवी नेता श्री संजय कुमार झा को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह निर्णय जदयू के संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ करने तथा जमीनी स्तर तक पार्टी की पकड़ को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। संजय कुमार झा अपने संतुलित नेतृत्व, प्रशासनिक समझ और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी के विस्तार और जनसंपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर जदयू नेता एवं ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवां के राष्ट्रीय अध्यक्ष नज़रे आलम ने श्री संजय कुमार झा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह फैसला दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “संजय कुमार झा जैसे अनुभवी और कर्मठ नेता को यह जिम्मेदारी मिलना पूरे संगठन के लिए गौरव की बात है। उनके मार्गदर्शन में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी तथा समाज के हर वर्ग तक विकास और विश्वास का संदेश पहुंचेगा।”

नज़रे आलम ने आगे कहा कि जदयू की यह नई टीम समावेशी विकास, सामाजिक सद्भाव और सुशासन के संकल्प को और मजबूती देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आने वाले समय में जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी और बिहार सहित देशभर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।

पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस घोषणा को लेकर उत्साह का माहौल है। सभी ने नई टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि जदयू संगठनात्मक मजबूती और जनहित के मुद्दों पर और प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।