09 मई को लगेगा राष्ट्रीय लोक अदालत, दावों के निष्पादन पर जोर

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिले में आगामी 09 मई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसको लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से दावा वादों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिवक्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने की।

बैठक में अधिवक्ताओं को निर्देश दिया गया कि चयनित मामलों में दावाकर्ताओं और बीमा कंपनियों के बीच आपसी समझौता कराते हुए अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, प्रि-काउंसलिंग के माध्यम से मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत करने से पूर्व ही समाधान की दिशा में प्रयास करने पर बल दिया गया।

सचिव ने कहा कि सभी की जिम्मेदारी है कि पिछले लोक अदालतों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया जाए, ताकि बिहार में दरभंगा जिला एक सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सके।

बैठक में रविशंकर प्रसाद, ध्रुव कुमार ठाकुर, चंद्रधर मल्लिक, जवाहर कुमार झा, सोहन कुमार सिन्हा, सुरेंद्र कुमार, कौशलेंद्र नारायण श्रीवास्तव, मोहम्मद मकसूद एवं पल्लवी कुमारी उपस्थित रहे।