दरभंगा में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 23 अप्रैल को 25 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दरभंगा में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 23 अप्रैल को 25 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दरभंगा में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 23 अप्रैल को 25 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दस्तक 7मीडिया,दरभंगा/
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैली आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार गैस वितरण प्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो।
प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को जिले में कुल 8101 एलपीजी सिलेंडर का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 6318, बेनीपुर में 753 तथा बिरौल में 1030 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं एजेंसियों के गोदामों में अभी भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सदर अनुमंडल में 6428, बेनीपुर में 901 और बिरौल में 2885 सिलेंडर शेष हैं। इस प्रकार कुल 10,214 सिलेंडर का भंडार मौजूद है।
प्रशासन ने 23 अप्रैल के लिए बड़े पैमाने पर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत सदर अनुमंडल में 16,690, बेनीपुर में 2917 तथा बिरौल में 5873 सिलेंडर वितरित किए जाएंगे। कुल मिलाकर 25 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य तय किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। किसी भी समस्या की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस बीच प्रशासन ने वैवाहिक एवं अन्य आयोजनों में घरेलू एलपीजी के उपयोग पर रोक लगाने की सख्त हिदायत दी है। ऐसे आयोजनों के लिए वाणिज्यिक गैस का ही उपयोग अनिवार्य होगा। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को शादी के कार्ड के साथ अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देना होगा, जिसमें आवश्यक सिलेंडरों की संख्या और संभावित अतिथियों का विवरण देना होगा। आकलन के आधार पर ही वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि बुधवार को 6 गैस एजेंसियों एवं 9 विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया, जबकि वरीय अधिकारियों द्वारा 11 अन्य एजेंसियों एवं गोदामों की भी जांच की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।