बचपन से प्रकृति से जुड़ाव जरूरी : ट्री मैन सुजीत कुमार ने बच्चों संग लगाया पौधा

दस्तक 7मीडिया/

विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर दरभंगा स्थित अपने पैतृक आवास पर प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी ट्री मैन सुजीत कुमार ने सपरिवार फलदार पौधे का रोपण कर समाज को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया। इस अवसर पर परिवार के छोटे-छोटे बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने हाथों से पौधा लगाकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का प्रयास किया

पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान ट्री मैन सुजीत कुमार ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हमारी सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। ट्री मैन विशेष रूप से बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज जो बच्चे पौधा लगाना और उसकी देखभाल करना सीखेंगे, वही कल पृथ्वी को बचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएंगे।”

सुजीत ने आगे कहा कि बच्चों में शुरू से ही प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। जब बच्चे पेड़-पौधों को अपने परिवार के सदस्य की तरह समझेंगे, तभी वे बड़े होकर एक जागरूक नागरिक बन पाएंगे। इस दौरान बच्चों को यह भी सिखाया गया कि एक छोटा सा पौधा कैसे धीरे-धीरे एक बड़ा वृक्ष बनता है और कैसे वह हमें शुद्ध हवा, फल, छाया और जीवन प्रदान करता है।

 कार्यक्रम के दौरान मयंक राज और रियांशी प्रिया ने स्वयं पौधे को पानी दिया और यह संकल्प लिया कि वे इसकी नियमित देखभाल करेंगे। यह दृश्य इस बात का प्रतीक था कि यदि बचपन से ही अच्छे संस्कार दिए जाएं, तो आने वाली पीढ़ी निश्चित रूप से पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील होगी।

 शिक्षिका सरिता कुमारी ने कहा कि “हर परिवार यदि वर्ष में कम से कम एक पौधा भी लगाए और उसकी देखभाल करे, तो हमारा पर्यावरण स्वतः ही हरा-भरा और स्वच्छ बन सकता है।” उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे अपने बच्चों को प्रकृति से जोड़ें और उन्हें पौधारोपण जैसे कार्यों में शामिल करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण एक आदत बन सके।अंत में सभी परिवारजनों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल पौधे लगाएंगे, बल्कि उनकी देखभाल भी करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।