बेनीपट्टी अंचल कार्यालय में घूसखोरी का भंडाफोड़, लिपिक और बिचौलिया रंगे हाथ गिरफ्तार,

निगरानी विभाग की टीम ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा, कार्रवाई से विभाग में हड़कंप

दस्तक 7मीडिया/मधुबनी 

पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबनी जिले के बेनीपट्टी अंचल कार्यालय में कार्यरत लिपिक साकेत कुमार को 10 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने एक बिचौलिया, धकजरी गांव निवासी परमानंद झा को भी मौके से दबोच लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी कार्य को निष्पादित करने के एवज में लिपिक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन किया और योजना बनाकर छापेमारी की। तय रणनीति के तहत जैसे ही साकेत कुमार ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए, टीम ने तत्काल उसे पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान बिचौलिया की भूमिका निभा रहे परमानंद झा को भी गिरफ्तार किया गया, जो पूरे लेन-देन में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पटना ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।