मीडिया कप में सहारा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का जलवा, 23 अप्रैल को सेमीफाइनल में भिड़ंत

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 


ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 19वीं प्रमंडलीय मीडिया कप के तहत मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में राष्ट्रीय सहारा प्रेस इलेवन और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रेस इलेवन ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों के दमदार प्रदर्शन के साथ ही टूर्नामेंट का रोमांच अब सेमीफाइनल चरण में पहुंच गया है, जहां 23 अप्रैल को चार टीमें आमने-सामने होंगी।

पहले मुकाबले में राष्ट्रीय सहारा प्रेस इलेवन ने एकतरफा खेल दिखाते हुए इनसाइट मिथिला प्रेस इलेवन को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इनसाइट मिथिला की टीम निर्धारित 10 ओवरों में 9 विकेट पर मात्र 45 रन ही बना सकी। आकाश ने सर्वाधिक 13 रन बनाए। सहारा की ओर से नीतीश ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 6 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि नटवर ने 2 और केशव व संजय कुमार ने 1-1 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राष्ट्रीय सहारा की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 4.3 ओवर में ही बिना विकेट खोए 46 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सोनू सिंह ने नाबाद 30 और केशन ने नाबाद 10 रन बनाए। कम स्कोर के दबाव में इनसाइट मिथिला के गेंदबाज प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सके।

दूसरे मुकाबले में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रेस इलेवन ने दैनिक भास्कर प्रेस इलेवन को 108 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 182 रन बनाए। आशिष और कादिर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63-63 रन बनाए। दैनिक भास्कर की ओर से राजेश कुमार और आशुतोष कुमार ने 2-2 विकेट लिए।

जवाब में उतरी दैनिक भास्कर की टीम 14.1 ओवर में 74 रन पर सिमट गई। आशुतोष कुमार ने 25 और विकास कुमार ने 13 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर से आशिष ने 3 विकेट, आर्दश और फरहान ने 2-2 विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की।

सेमीफाइनल का शेड्यूल तय
प्रमंडलीय मीडिया कप के सेमीफाइनल मुकाबले 23 अप्रैल को दो पालियों में खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल सुबह 7 बजे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रेस इलेवन और दरभंगा रेडियो प्रेस इलेवन के बीच होगा। वहीं दूसरा मुकाबला सुबह 11 बजे दैनिक भास्कर प्रेस इलेवन और प्रभात खबर प्रेस इलेवन के बीच खेला जाएगा।

टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंचने के लिए सभी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अब खिताब के लिए चार मजबूत टीमें आमने-सामने होंगी।