एलएनएमयू में “समकालीन समय में व्यावसायिक शोध” पर राष्ट्रीय सम्मेलन आज से, राज्यपाल करेंगे उद्घाटन

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू), दरभंगा के वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित “समकालीन समय में व्यावसायिक शोध” विषयक पांच दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ बुधवार से होगा। विश्वविद्यालय परिसर स्थित जुबिली हॉल में सुबह 10:30 बजे उद्घाटन सत्र आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन करेंगे।

उद्घाटन सत्र में एमजीसीजी विश्वविद्यालय, सतना के पूर्व कुलपति प्रो. एन. सी. गौतम, डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर की पूर्व कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता तथा राज्यपाल के प्रधान सचिव एवं इंडियन कॉमर्स एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट प्रो. नागेन्द्र कुमार झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

सम्मेलन का पहला तकनीकी सत्र “व्यवसायिक अध्ययन में शोध एवं नवाचार” विषय पर दोपहर 2:30 बजे से विभागीय सभागार में शुरू होगा, जिसकी अध्यक्षता पटना विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. एन. के. झा करेंगे। इस सत्र में 42 प्रतिभागी अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा निदेशालय, बिहार की अकादमिक अधिकारी डॉ. स्निग्धा शामिल होंगी।

सम्मेलन के आगामी सत्र 23, 24 एवं 25 अप्रैल को क्रमशः आयोजित किए जाएंगे। 26 अप्रैल को पांचवें तकनीकी सत्र के साथ समापन सत्र का आयोजन होगा। इस सम्मेलन में देशभर से करीब 300 प्रतिभागियों शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।

विभागाध्यक्ष सह सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ. राजकुमार साह ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य वर्तमान परिप्रेक्ष्य में व्यावसायिक शोध की दिशा और संभावनाओं पर सार्थक विमर्श करना है।