सिगरेट की एक चिंगारी ने सड़क किनारे बना तीन झोपड़ीनुमा ताड़ी की दुकानें में लगी आग, हजारों की चल संपत्ति खाक

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा। 

मंगलवार की दोपहर बिरौल थाना क्षेत्र का महावीर नगर मोहल्ला उस समय दहल उठा, जब एक छोटी सी लापरवाही ने भीषण अग्निकांड का रूप ले लिया। पछिया हवा के तेज झोंकों और आग की लपटों के बीच सड़क किनारे निर्मित झोपड़ी नुमा तीन ताड़ी दुकानें देखते ही देखते मलबे के ढेर में तब्दील हो गईं। इस हादसे ने न केवल संपत्ति का नुकसान किया है, बल्कि तीन गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट भी खड़ा कर दिया है।

घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत सूरज महतो की झोपड़ीनुमा दुकान से हुई। बताया जा रहा है कि एक ग्राहक सिगरेट पीकर दुकान से बाहर निकला था, जिसकी अधजली चिंगारी ने सूखे फूस को अपनी चपेट में ले लिया। तेज पछिया हवा ने आग में घी का काम किया और लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक स्थानीय लोग कुछ समझ पाते और आग बुझाने की कोशिश करते, लपटों ने पड़ोसी दुकानदार बिरजू महतो और वीरो महतो की दुकानों को भी अपनी आगोश में ले लिया। आसमान में काले धुएं का गुबार देख इलाके में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। दुकानदारों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार तीनों दुकानों को मिलाकर लगभग 200 लीटर से अधिक ताड़ी जलकर नष्ट हो गई।