लव मैरिज के चार महीने बाद दुल्हन गायब, दहेज के लिए हत्या या बेचने का आरोप
लव मैरिज के चार महीने बाद दुल्हन गायब, दहेज के लिए हत्या या बेचने का आरोप
लव मैरिज के चार महीने बाद दुल्हन गायब, दहेज के लिए हत्या या बेचने का आरोप
दस्तक 7मीडिया/अफजल खान
कमतौल थाना क्षेत्र के अहियारी चनुआ गांव से चार महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली रंजना कुमारी 16 अप्रैल को अपने ससुराल से अचानक लापता हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष में हड़कंप मच गया है। रंजना के पिता ने कमतौल थाना में दामाद सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज के लिए हत्या कर शव गायब करने या बेटी को बेच देने का गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बताया जाता है कि अहियारी चनुआ टोला की रंजना कुमारी का अहियारी गोट निवासी राजन कुमार के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों ने करीब चार महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही समय बाद ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में चार लाख रुपये नकद और तीन भर सोने के आभूषण की मांग की जाने लगी।
आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर रंजना को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। वह इस संबंध में अपने मायके वालों को फोन कर जानकारी देती रहती थी। पिता के अनुसार, बेटी ने कई बार मारपीट और प्रताड़ना की बात बताई थी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे दहेज की मांग पूरी नहीं कर सके।
16 अप्रैल को ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर रंजना के गायब होने की सूचना दी गई। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। वहीं ससुराल पक्ष द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने से परिजनों को अनहोनी की आशंका सता रही है।
इस संबंध में डीएसपी सदर-2 शुभेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
वहीं कमतौल थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम को बुलाकर संभावित ठिकानों की जांच कराई गई है और कई सैंपल एकत्र किए गए हैं। डॉग स्क्वायड की टीम लगातार खोजबीन में जुटी है। दोषियों की पहचान होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।