दरभंगा में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं,आज 7,690 सिलेंडर वितरित, कल 26 हजार से अधिक का लक्ष्य

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यह जानकारी प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार एवं उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने दी।

अधिकारियों ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से होम डिलीवरी के जरिए नियमित रूप से गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। मंगलवार को जिले में कुल 7,690 एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 5,180, बेनीपुर में 1,184 और बिरौल अनुमंडल में 1,326 सिलेंडर शामिल हैं।

वहीं, एजेंसियों के गोदामों में भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सदर अनुमंडल में 6,843, बेनीपुर में 1,476 तथा बिरौल में 3,008 सिलेंडर शेष हैं। इस प्रकार जिले में कुल 11,327 सिलेंडर उपलब्ध हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार (22 अप्रैल) के लिए 26 हजार से अधिक सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें सदर में 11,345, बेनीपुर में 1,584 और बिरौल में 2,486 सिलेंडर शामिल हैं।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही, किसी भी समस्या की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष (06272-245055) पर संपर्क करने की अपील की गई है।

प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों, गोदामों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।