मेधावियों के सम्मान से गौरवान्वित हुआ बिरौल,श्री कृष्णा आइडियल पब्लिक स्कूल में ‘स्कॉलर्स फेलिसिटेशन सेरेमनी’ का भव्य आयोजन

दस्तक 7 मिडिया बिरौल, दरभंगा। 

प्रतिभा जब परिश्रम से मिलती है, तो सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित होते हैं। कुछ ऐसा ही दृश्य बिरौल स्थित श्री कृष्णा आइडियल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में देखने को मिला, जहाँ “Gems of AISSE 2026” के अंतर्गत आयोजित ‘स्कॉलर्स फेलिसिटेशन सेरेमनी’ में मेधावी सितारों का जमावड़ा लगा। विद्यालय ने न केवल अपने छात्रों की शैक्षणिक उत्कृष्टता का उत्सव मनाया, बल्कि शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को भी सलाम किया।

समारोह में सफल छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप पाग और चादर से सम्मानित किया गया। साथ ही, उन्हें मोमेंटो, बुके, मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान कर उनकी हौसलाअफजाई की गई।

इस वर्ष परीक्षा परिणामों में प्रियांशु राज ने 97.8% अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। प्रियांशु ने दरभंगा जिले में द्वितीय स्थान और अनुमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

विद्यालय की एक अनूठी और प्रेरक परंपरा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। नियम के अनुसार, यदि कोई छात्र किसी विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त करता है, तो संबंधित शिक्षक को उनके वजन के बराबर लड्डुओं से तोला जाता है।

विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें गुणवत्ता की स्पष्ट झलक दिखी।

 90% से अधिक अंक- 19 छात्र

 85% से अधिक अंक- 38 छात्र

 80% से अधिक अंक- 60 छात्र

 विशेष उपलब्धि विद्यालय के सभी (100%) छात्र प्रथम श्रेणी (60% से ऊपर) में उत्तीर्ण रहे।

समारोह का सफल संचालन विद्यालय प्रबंध समिति के नेतृत्व में हुआ, जिसमें अध्यक्ष गणेश चौधरी, प्रबन्ध निदेशक नवलेश चौधरी, निर्देशक ब्रजेश चौधरी, प्रबंधक पुरुषोत्तम चौधरी और प्राचार्य अचिंत्य घोष मुख्य रूप से शामिल रहे। प्रबंधन ने सभी शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।