साइंस ओलंपियाड पुरस्कार वितरण समारोह में 18 छात्र सम्मानित, डीएम ने दिया सफलता का मंत्र
साइंस ओलंपियाड पुरस्कार वितरण समारोह में 18 छात्र सम्मानित, डीएम ने दिया सफलता का मंत्र
साइंस ओलंपियाड पुरस्कार वितरण समारोह में 18 छात्र सम्मानित, डीएम ने दिया सफलता का मंत्र
दस्तक 7मीडिया/दरभंगा
कमतौल स्थित श्री राम विनय शाही एजुकेशनल ट्रस्ट प्लस टू जे.एम. उच्च विद्यालय में साइंस ओलंपियाड परीक्षा 2026 के सफल प्रतिभागियों के लिए भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी कौशल कुमार उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 18 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता को हार नहीं, बल्कि सफलता की नींव के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ते रहने का संदेश दिया।
उन्होंने छात्रों को समय का सदुपयोग करने और मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा और करियर निर्माण में सहयोग करें तथा उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार मार्गदर्शन दें।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के वातावरण और विकास की सराहना करते हुए इसे एक अनुकरणीय संस्थान बताया। कार्यक्रम में पूर्व ऊर्जा सचिव आर.बी. शाही ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना ही संस्थान की वास्तविक पहचान है। उन्होंने यह भी कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गान से हुई। समारोह के अंत में जिलाधिकारी ने “जल जीवन हरियाली” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।