जन-सुनवाई से जनता को राहत दिलाने पर जोर
आयुक्त बोले-शिकायतों का त्वरित निपटारा हो, लोगों को न लगाना पड़े चक्कर

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

प्रमण्डलीय आयुक्त  हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमण्डलीय सभागार में जन-सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। “सबका सम्मान-जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में आम लोगों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में जन-सुनवाई सुनिश्चित की जाती है, ताकि आम नागरिकों की शिकायतों का समय पर निपटारा हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन-सुनवाई प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का अहम माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, मनरेगा, अतिक्रमण समेत अन्य जन-समस्याओं से जुड़े कई आवेदन सामने आए। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का शीघ्र एवं विधिसम्मत समाधान करने का निर्देश देते हुए कहा कि जन-सुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

इस मौके पर क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।