दरभंगा में ‘पीएम सूर्य घर’ योजना के तहत लोन कैंप, 28 आवेदनों का मिला लाभ

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में विशेष लोन कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर आयोजित किया गया।

कैंप का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य इच्छुक उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने के लिए आसान, पारदर्शी और त्वरित ऋण सुविधा उपलब्ध कराना है। कैंप में कुल 28 उपभोक्ताओं ने ऋण के लिए आवेदन दिया, जिनकी प्रक्रिया जल्द पूरी कर उन्हें ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस योजना के तहत सोलर संयंत्र स्थापना पर सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवाट पर 30 हजार, दो किलोवाट पर 60 हजार और तीन किलोवाट क्षमता पर 78 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। अब तक जिले में 390 घरों में सोलर प्लेट लगाए जा चुके हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाएं। इच्छुक उपभोक्ता योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह योजना न केवल बिजली बिल कम करेगी, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा देगी।

इस मौके पर विद्युत विभाग और बैंकिंग क्षेत्र के कई अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।