डिजिटल और वेब मीडिया पर भारी पड़े दरभंगा रेडियो व प्रभात खबर, सेमीफाइनल में एंट्री
डिजिटल और वेब मीडिया पर भारी पड़े दरभंगा रेडियो व प्रभात खबर, सेमीफाइनल में एंट्री
डिजिटल और वेब मीडिया पर भारी पड़े दरभंगा रेडियो व प्रभात खबर, सेमीफाइनल में एंट्री
दस्तक 7मीडिया/दरभंगा
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नागेन्द्र झा स्टेडियम में चल रहे 19वें प्रमंडलीय मीडिया कप में सोमवार को खेले गए दो मुकाबलों में दरभंगा रेडियो और प्रभात खबर प्रेस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। दोनों ही मैच एकतरफा रहे, जहां दरभंगा रेडियो ने डिजिटल मीडिया को 10 विकेट से हराया, वहीं प्रभात खबर ने वेब मीडिया को 37 रनों से पराजित किया।
पहले मुकाबले में प्रभात खबर प्रेस इलेवन ने वेब मीडिया के खिलाफ मजबूत खेल दिखाया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रभात खबर की टीम ने 19.1 ओवर में 151 रन बनाए। टीम की ओर से हंसराज ने शानदार 72 रनों की पारी खेलकर मैच का रुख तय किया। गौरव झा (20) और शिवम (19) ने भी उपयोगी योगदान दिया। वेब मीडिया की ओर से गणपति ने 4 विकेट और सुमित ठाकुर ने 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेब मीडिया प्रेस इलेवन की टीम 17.5 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। वरुण ठाकुर (29), आरीफ (24) और सुमित ठाकुर (20) के प्रयास नाकाफी साबित हुए। प्रभात खबर की ओर से हंसराज ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि अनिकेत ने 2 विकेट लिए।
दूसरे मुकाबले में दरभंगा रेडियो ने डिजिटल मीडिया को पूरी तरह दबाव में रखा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डिजिटल मीडिया की टीम 12.3 ओवर में मात्र 51 रन पर सिमट गई। नीरज (13) और अफजल (12) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। दरभंगा रेडियो के सन्नी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3.3 ओवर में मात्र 6 रन देकर 5 विकेट चटकाए। ब्रजेश ने 2 विकेट लिए।
52 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए दरभंगा रेडियो ने मात्र 1.2 ओवर में बिना विकेट खोए जीत हासिल कर ली। टीम को विपक्षी गेंदबाजों की वाइड और नो-बॉल से भी भरपूर मदद मिली।
मंगलवार को लीग चरण के अंतिम दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला सुबह 7 बजे राष्ट्रीय सहारा प्रेस इलेवन और इनसाइट मिथिला प्रेस इलेवन के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच सुबह 11 बजे दैनिक भास्कर प्रेस इलेवन और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रेस इलेवन के बीच खेला जाएगा।
ग्रुप-ए से दैनिक भास्कर और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रेस इलेवन पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। दोनों के बीच होने वाला मुकाबला ग्रुप में शीर्ष स्थान तय करेगा, जबकि राष्ट्रीय सहारा और इनसाइट मिथिला के बीच मैच औपचारिकता मात्र रह गया है।