बिरौल में परशुराम जन्मोत्सव की धूम, दौड़ प्रतियोगिता में अभिषेक और मनीषा ने गाड़े सफलता के झंडे, युवाओं और युवतियों की अलग-अलग श्रेणियों में हुई दौड़ रही।

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा। 

शौर्य और पराक्रम के प्रतीक भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर रविवार को बिरौल का माहौल उत्साह और खेल भावना से सराबोर रहा। बिरौल डिफेंस फिजिकल एकेडमी के तत्वाधान में आयोजित भव्य दौड़ प्रतियोगिता में अनुमंडल भर के युवाओं ने अपनी शारीरिक क्षमता और जुनून का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लड़कों के वर्ग में अभिषेक चौहान और लड़कियों के वर्ग में मनीषा कुमारी ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत एकेडमी के संस्थापक पंकज मिश्रा और संयोजक मुरारी चौधरी द्वारा भगवान परशुराम के तैल चित्र पर विधिवत पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस दौरान उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए संस्थापकों ने भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण हेतु शारीरिक रूप से फिट रहने का आह्वान किया।

 युवक वर्ग रजवा के अभिषेक चौहान ने अपनी रफ्तार से सबको पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। गोठानी के सचिन माझी द्वितीय, मसानखोन के प्रिंस कुमार तृतीय तथा बेंक निवासी बैद्यनाथ पासवान चतुर्थ स्थान पर रहे।युवती वर्ग में बिरौल की मनीषा कुमारी ने प्रथम स्थान पाकर एकेडमी का मान बढ़ाया। दूसरे स्थान पर बेंक की पूजा कुमारी, तीसरे पर मवी कछुआ बेर चौक कुशेश्वरस्थान की सुजाता कुमारी और चौथे स्थान पर उछटी की निशा कुमारी रहीं। समारोह के मुख्य अतिथि बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि का स्वागत मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुसार पाग और चादर ओढ़ाकर किया गया। विजेताओं को मेडल और कप प्रदान करते हुए थानाध्यक्ष ने न केवल उनकी पीठ थपथपाई, बल्कि सफलता का एक तकनीकी मंत्र भी दिया। थानाध्यक्ष न कहा

“मैदान हो या जीवन, सही दिशा और तकनीक ही आपको विजेता बनाती है। दौड़ के दौरान हमेशा याद रखें कि प्रतिद्वंद्वी को लेफ्ट के बजाय राइट साइड से ओवरटेक करें, इससे आपकी जीत की संभावना और बढ़ जाती है।”

इस गरिमामय आयोजन के दौरान रोशन राघवन, गौरी शंकर झा, ऋषिकेश आचार्य और कृष्णा रॉकस्टार सहित एकेडमी के दर्जनों छात्र और खेल प्रेमी मौजूद थे।