सुपर ओवर में प्रभात खबर की रोमांचक जीत, वेब मीडिया ने डिजिटल मीडिया को 38 रन से हराया

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 19वीं प्रमंडलीय मीडिया कप के तहत रविवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में प्रभात खबर ने सुपर ओवर में दरभंगा रेडियो प्रेस इलेवन को हराया, जबकि दूसरे एकतरफा मुकाबले में वेब मीडिया ने डिजिटल मीडिया को 38 रन से पराजित किया।

 

पहला मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और आखिरी गेंद तक परिणाम तय नहीं हो सका। दोनों टीमों ने 100-100 रन बनाए, जिसके बाद मैच का फैसला सुपर ओवर से हुआ। सुपर ओवर में प्रभात खबर की कसी हुई गेंदबाजी के सामने दरभंगा रेडियो प्रेस इलेवन के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए और टीम केवल 3 रन ही बना सकी, जिसमें 2 रन वाइड के थे। जवाब में प्रभात खबर ने दूसरी ही गेंद पर चौका लगाकर जीत अपने नाम कर ली।

इससे पहले प्रभात खबर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.3 ओवर में 100 रन बनाए। टीम की ओर से अनिकेत कुमार ने 34, विशाल कुमार ने 23 और मिथिलेश ने 10 रन बनाए। दरभंगा रेडियो प्रेस इलेवन की ओर से दीपक ने 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि कमलेश पासवान ने 3 और ब्रजेश कुमार ने 2 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा रेडियो प्रेस इलेवन की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 100 रन ही बना सकी। ब्रजेश कुमार ने 25 और कमलेश पासवान ने 15 रन बनाए। प्रभात खबर की ओर से शिवम ने 3, हंसराज ने 2 और प्रिंस ने 1 विकेट लिया।

दूसरे मैच में डिजिटल मीडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। वेब मीडिया ने 19.2 ओवर में 159 रन बनाए। अश्वनी कुमार ने शानदार 51 रन बनाए, जबकि सौरभ (27) और राघव (17) ने उपयोगी योगदान दिया। डिजिटल मीडिया की ओर से बीरेंद्र ने 3 विकेट लिए, जबकि रवि कुमार और रमन को 2-2 सफलता मिली।

जवाब में डिजिटल मीडिया की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 122 रन ही बना सकी। मुकेश ने 56 रन बनाए, जबकि फैजान ने 16 रन का योगदान दिया। वेब मीडिया की ओर से अश्वनी और सुमित ने 2-2 विकेट, जबकि एम राजा ने 1 विकेट हासिल किया।

सोमवार को दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 7 बजे वेब मीडिया और प्रभात खबर के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला सुबह 11 बजे दरभंगा रेडियो प्रेस इलेवन और डिजिटल मीडिया के बीच खेला जाएगा। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए चारों टीमों के लिए ये मुकाबले निर्णायक होंगे।