सिंहवाड़ा थाना में नगर पुलिस अधीक्षक की समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर जोर

दस्तक 7मीडिया/सिंहवाड़ा 

नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा रविवार को सिंहवाड़ा थाना में सभी अनुसंधानकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना के लंबित कांडों की विस्तार से समीक्षा की गई, जिसमें थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ने कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु माननीय न्यायालय से वारंट एवं कुर्की की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए। साथ ही सभी अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी कांडों का दैनिक अद्यतन रखा जाए तथा माह के भीतर निष्पादित किए जाने वाले मामलों को चिन्हित कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए। थाना में दर्ज प्रतिवेदित कांडों की भी समीक्षा की गई और सभी पंजी एवं कांड दैनिकी को अद्यतन रखने पर बल दिया गया।

इसके अतिरिक्त, थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने, विधि-व्यवस्था संधारण को सुदृढ़ करने तथा डायल 112 को निरंतर भ्रमणशील रखने के निर्देश भी दिए गए।

नगर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए सभी पुलिस पदाधिकारी पूर्ण तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।