सख्त कार्रवाई में मनीगाछी पुलिस का दमखम, नशेड़ियों पर शिकंजा और वाहन चेकिंग में रिकॉर्ड जुर्माना 

दस्तक 7मीडिया/मनीगाछी 

जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष रणजीत कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान ने जबरदस्त असर दिखाया है। नशे के खिलाफ छापामारी हो या ट्रैफिक नियमों की सख्ती हर मोर्चे पर पुलिस की सक्रियता साफ नजर आई।

नशेड़ियों के विरुद्ध चलाए गए विशेष छापामारी अभियान के दौरान पुलिस ने चार लोगों को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्तियों में नारायण सदाय (ग्राम मकरंदा), कमलेश राम एवं संजय शर्मा (दोनों ग्राम राजे लीला बाबू टोला, थाना मनीगाछी) तथा राजकुमार सहनी (थाना बिस्फी, जिला मधुबनी) शामिल हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति स्पष्ट हो गई है।

वहीं दूसरी ओर, 18 अप्रैल को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक चलाए गए द्वितीय पेट्रोलिंग एवं विशेष वाहन चेकिंग अभियान में भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। ए.एस.आई. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 70 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 43 वाहनों से कुल ₹1,05,500 का जुर्माना वसूला गया।

यह कार्रवाई खासकर उन वाहन चालकों के खिलाफ की गई, जो बिना हेलमेट या बिना वैध कागजात के वाहन चला रहे थे। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान ने क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लापरवाह चालकों में भय का माहौल भी पैदा किया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि रणजीत कुमार के नेतृत्व में मनीगाछी पुलिस की सक्रियता पहले से काफी बढ़ी है। लगातार हो रही कार्रवाई से अपराधियों और नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिक खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।स्पष्ट है कि मनीगाछी पुलिस अब सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की दिशा में मजबूत कदम उठा रही है।