दरभंगा में वरीय पुलिस अधीक्षक की समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार को अपने कार्यालय में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल तथा सदर एवं बिरौल अनुमंडल के सभी अंचल पुलिस निरीक्षक एवं पर्यवेक्षी पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान पूर्व निर्धारित कांडों के निष्पादन, सरप्राइज़ चेकिंग, वाहन चालान की स्थिति तथा थानों में संधारित अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों में शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, शराब एवं मादक पदार्थों की बरामदगी बढ़ाने तथा सभी मामलों के समयबद्ध निष्पादन के लिए सख्त निर्देश दिए।

समीक्षा के उपरांत पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इनमें प्रत्येक अनुसंधानकर्ता की दैनिक रिपोर्ट तैयार करना, नियमित सरप्राइज़ चेकिंग एवं सुपर पेट्रोलिंग, रात्रि गश्ती में सक्रिय भागीदारी, तथा नशेड़ियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाना शामिल है।

इसके अलावा, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु वाहन जांच एवं चालान की कार्रवाई तेज करने, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने तथा लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का भी निर्देश दिया गया। थानाध्यक्षों के कार्यों की नियमित समीक्षा पर भी विशेष बल दिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाएं और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सतत प्रयास करते रहें।