दरभंगा में यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी की सख्ती, थानाध्यक्षों को दिए कड़े निर्देश

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) दरभंगा ने शनिवार को सभी थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की। यह बैठक SSP कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें सहायक पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान SSP ने लंबित वाहन चालानों को एक सप्ताह के भीतर जमा करने और उसकी रसीद कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही I-RAD और E-DAR पोर्टल पर सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए SSP ने दुर्घटना संभावित स्थलों (हॉटस्पॉट) की पहचान कर उनके सुधार हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, सभी थानाध्यक्षों को प्रतिदिन वाहन जांच अभियान चलाने, चालान करने तथा उसकी रिपोर्ट संबंधित कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।

वाहन जांच के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बॉडी-वॉर्न कैमरा के उपयोग को अनिवार्य किया गया है। वहीं, गश्ती और जांच के क्रम में आम जनता के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को नगद रहित उपचार उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि घायलों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।