दरभंगा में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 20 अप्रैल को 14 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दरभंगा में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 20 अप्रैल को 14 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दरभंगा में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 20 अप्रैल को 14 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य
दस्तक 7मीडिया/दरभंगा
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं के बीच किसी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) सुरेश कुमार ने प्रेस क्लब दरभंगा में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य एवं संतुलित रूप से जारी है और सभी एजेंसियों के माध्यम से नियमित वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि 18 अप्रैल को जिले में कुल 8,597 एलपीजी सिलेंडर का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 6,636, बेनीपुर में 847 तथा बिरौल अनुमंडल में 1,114 सिलेंडर शामिल हैं।
डीएसओ के अनुसार, वर्तमान में एजेंसियों के गोदामों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सदर अनुमंडल में 7,891, बेनीपुर में 1,144 तथा बिरौल में 3,000 सिलेंडर, यानी कुल 12,035 सिलेंडर शेष हैं।
आगामी आपूर्ति को लेकर उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल को सदर में 9,961, बेनीपुर में 1,648 और बिरौल में 3,000 सिलेंडर वितरण का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, 20 अप्रैल को 14 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
डीएसओ ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करें।
इस दौरान उन्होंने बताया कि जिले के वरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न गैस एजेंसियों, गोदामों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया गया है।
किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में उपभोक्ता जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06272-245055 पर संपर्क कर सकते हैं।