बेनीपुर एवं दरभंगा में 28 और 30 अप्रैल को रोजगार शिविर का आयोजन

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा द्वारा निजी क्षेत्र की कंपनी एलीट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से जिले में दो स्थानों पर रोजगार शिविर आयोजित किए जाएंगे। पहला शिविर 28 अप्रैल को बेनीपुर स्थित बीएसडीसी केवाईपी केंद्र परिसर में तथा दूसरा शिविर 30 अप्रैल को लहेरियासराय स्थित संयुक्त श्रम भवन (रामनगर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के निकट) में आयोजित होगा। दोनों शिविर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेंगे।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नियोजक द्वारा प्रशिक्षु उत्पादन, निर्माण प्रक्रिया एवं प्रशिक्षु पैकिंग के लिए क्रमशः 100-100 पदों पर बहाली की जाएगी। इन पदों के लिए दसवीं, बारहवीं तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया जाएगा। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है।

चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 16,000 रुपये वेतन के अतिरिक्त निःशुल्क आवास एवं भोजन, साप्ताहिक अवकाश, भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, प्रोत्साहन राशि तथा बोनस जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।

रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन कर सकते हैं अथवा सीधे नियोजनालय में जाकर भी पंजीकरण करा सकते हैं। शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पांच रंगीन फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लानी होगी।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस रोजगार शिविर में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क है तथा अधिक से अधिक संख्या में अभ्यर्थियों से इसमें भाग लेकर रोजगार का अवसर प्राप्त करने की अपील की गई है।