मनोकामना सिद्ध दुर्गा मंदिर में हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान प्रारंभ,भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ भक्ति के रंग में रंगा सुपौल रामनगर

दस्तक 7 मिडिया,उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा। 

प्रखंड के सुपौल बाजार अंतर्गत रामनगर स्थित मनोकामना सिद्ध दुर्गा मंदिर के प्रांगण में पवनपुत्र हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर शनिवार से तीन दिवसीय अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन के पहले दिन निकली कलश शोभा यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। केसरिया परिधानों में सजी कन्याओं और श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। पूजा समिति के अध्यक्ष गणेश झा के नेतृत्व में आयोजित इस शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में कन्याओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया। गाजे-बाजे के साथ निकली यह यात्रा बिरौल चौक स्थित प्रसिद्ध हनुमत सदन मंदिर पहुंची। वहां स्थित पवित्र तालाब के तट पर विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल-भरी की रस्म पूरी करवाई। जल संग्रह के पश्चात यात्रा पुनः मुख्य मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापित किए गए।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह अनुष्ठान तीन दिनों तक पूरी भव्यता के साथ चलेगा।

नवनिर्मित मंदिर में बजरंगबली की स्थापना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य और ग्रामीण सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। श्रद्धा का आलम यह है कि कलश यात्रा के दौरान सड़कों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा सुपौल बाजार और आसपास का इलाका ‘जय हनुमान’ के उद्घोष से भक्तिमय बना रहा।