प्रमंडलीय मीडिया कप में दैनिक भास्कर और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का दबदबा, सेमीफाइनल की रेस हुई रोचक

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के डॉ. नागेन्द्र झा स्टेडियम में जारी 19वीं प्रमंडलीय मीडिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के शनिवार का दिन एकतरफा मुकाबलों के नाम रहा। शानदार फॉर्म में चल रही दैनिक भास्कर और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर टूर्नामेंट में अपनी धमक कायम रखी है।

मैच 1: इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की कसी हुई गेंदबाजी के आगे बेबस हुई सहारा

दिन के पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने 18 ओवरों में 137 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रशांत ने सर्वाधिक 45 रन बनाए, जबकि आदर्श और राहुल ने 20-20 रनों का योगदान दिया। राष्ट्रीय सहारा की ओर से नीतीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 रन देकर 3 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राष्ट्रीय सहारा की टीम इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 15 ओवरों में महज 94 रनों पर सिमट गई। प्रशांत ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी हाथ दिखाते हुए 3 विकेट झटके, वहीं रमापित, आदर्श और तुफैल को 2-2 सफलताएं मिलीं।

मैच 2: रिक्की के तूफान में उड़ी इनसाइट मिथिला

दूसरे मुकाबले में दैनिक भास्कर के बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर रनों की बौछार कर दी। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भास्कर ने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 208 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। रिक्की महज 5 रन से अपने शतक से चूक गए और 95 रनों की आतिशी पारी खेली। विकास (40) और अमरजीत (22) ने भी अहम योगदान दिया।

जवाब में 209 रनों के विशाल लक्ष्य के दबाव में इनसाइट मिथिला की टीम बिखर गई और केवल 78 रनों पर ऑल-आउट हो गई। भास्कर की ओर से अमरजीत ने 3 विकेट लिए, जबकि राजेश और आशुतोष ने 2-2 विकेट चटकाए।

सेमीफाइनल की राह तय करने के लिए रविवार को दो महत्वपूर्ण मैच खेले जाएंगे:

1. सुबह 7:00 बजे: प्रभात खबर बनाम दरभंगा रेडियो प्रेस इलेवन

2. सुबह 11:00 बजे: वेब मीडिया बनाम डिजिटल मीडिया

इन चारों टीमों के लिए सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आज का मैच जीतना अनिवार्य है।