शादी से पहले ही बुझ गया चिराग: सड़क हादसे में दो की मौत, दो जख्मी
शादी से पहले ही बुझ गया चिराग: सड़क हादसे में दो की मौत, दो जख्मी
शादी से पहले ही बुझ गया चिराग: सड़क हादसे में दो की मौत, दो जख्मी
दस्तक 7मीडिया/अफजल खान
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान स्थित फूलतोडा स्टेट हाइवे-56 पर उसरी घाट गांव के पास शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में नदी थाना क्षेत्र के कोला गांव निवासी शिवन निषाद के बेटे विद्यानंद निषाद और समस्तीपुर जिले के विथान थाना क्षेत्र निवासी स्वतंत्र कुमार की मौत हो गई। वहीं, ब्रह्मदेव साह के बेटे स्वतंत्र कुमार और सोमन कुमार राय गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।
बताया जाता है कि विद्यानंद निषाद आंध्रप्रदेश में निजी कंपनी में काम करता था और उसकी शादी 30 अप्रैल को तय थी। शादी की तैयारियों के लिए वह करीब 10 दिन पहले ही घर लौटा था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त के साथ बाइक से बुआ के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विद्यानंद समेत तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को कुशेश्वरस्थान पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विद्यानंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान स्वतंत्र कुमार की भी मौत हो गई।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम छा गया। मां हीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बार-बार बेटे का नाम लेकर बेहोश हो जा रही हैं।
नदी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है और उसके मालिक की तलाश की जा रही है।