दरभंगा स्टेशन के पास होटल में व्यवसायी का शव मिलने से सनसनी, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान की और परिजनों को दी सूचना 

दस्तक 7मीडिया/अफजल खान 

विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के दरभंगा स्टेशन स्थित नारायण होटल में एक व्यवसायी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सुपौल जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित गुदरी बाजार निवासी संजय प्रसाद अग्रवाल (35) के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि संजय प्रसाद अग्रवाल 15 अप्रैल को होटल में ठहरने आए थे। इसके बाद उन्हें कमरे से बाहर निकलते हुए किसी ने नहीं देखा। शुक्रवार की शाम कमरे से तेज दुर्गंध आने पर होटल कर्मियों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां व्यवसायी का शव बाथरूम में मिला। होटल में दर्ज दस्तावेजों और बरामद कागजात के आधार पर मृतक की पहचान की गई।

घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है, जो दरभंगा के लिए रवाना हो चुके हैं। थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य सुरक्षित किया गया है और घटनास्थल की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराई गई है।

प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।