जन-सुनवाई से मजबूत हो रहा जनता-प्रशासन का भरोसा

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

“सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल  हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रमण्डलीय सभागार में जन-सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहकर जन-सुनवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को सुदृढ़ करने का एक प्रभावी माध्यम है।जन-सुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकार के मामलों पर विचार किया गया। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व संबंधित समस्याएँ, मनरेगा, अतिक्रमण तथा अन्य जन-समस्याएँ शामिल रहीं। आयुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शीघ्र, पारदर्शी एवं विधिसम्मत निवारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।