18 अप्रैल को 26 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर वितरण का लक्ष्य, प्रशासन अलर्ट

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ)  सुरेश कुमार ने जानकारी दी कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और संतुलित है। सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक नियमित वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की कमी या अनियमितता न हो।उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को जिले में कुल 8,549 एलपीजी गैस सिलेंडर का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 6,515, बेनीपुर में 1,046 और बिरौल अनुमंडल में 988 सिलेंडर शामिल हैं।

वहीं, एजेंसियों के गोदामों में शेष सिलेंडरों की संख्या भी पर्याप्त है। सदर अनुमंडल में 6,998, बेनीपुर में 713 और बिरौल में 2,376 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इस प्रकार कुल 10,087 एलपीजी सिलेंडर गोदामों में शेष हैं।

डीएसओ ने बताया कि 18 अप्रैल के लिए वितरण का लक्ष्य तय कर दिया गया है। इसके तहत दरभंगा सदर अनुमंडल में 18,507, बेनीपुर में 2,357 और बिरौल अनुमंडल में 5,422 सिलेंडर वितरण किया जाएगा। कुल मिलाकर 26 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही गैस की बुकिंग करें। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (फोन: 06272-245055) पर संपर्क किया जा सकता है।इसके अलावा, जिले के वरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न गैस एजेंसियों, गोदामों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया गया, ताकि वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।