जनता के दरबार में 50 से अधिक परिवादियों की सुनी गई समस्याएं,डीएम ने अधिकारियों को दिया त्वरित निष्पादन का सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित होने वाला “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम शुक्रवार को जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

कार्यक्रम में 52 से अधिक परिवादी उपस्थित हुए, जिनमें 17 ऑनलाइन तथा 30 से अधिक ऑफलाइन आवेदक शामिल रहे। जनता दरबार में ऊर्जा, गृह, ग्रामीण विकास, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, राजस्व, भूमि विवाद, पंचायती राज, कारा तथा शिक्षा विभाग से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुईं।

जिलाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र जांच और निष्पादन का निर्देश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित मामलों में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आवेदकों को प्रगति की जानकारी समय-समय पर दी जाए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए।