शादी से पहले मातम: ट्रैक्टर की टक्कर में युवक की मौत, मंगेतर गंभीर
शादी से पहले मातम: ट्रैक्टर की टक्कर में युवक की मौत, मंगेतर गंभीर
शादी से पहले मातम: ट्रैक्टर की टक्कर में युवक की मौत, मंगेतर गंभीर
दस्तक 7मीडिया/दरभंगा
दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार 20 वर्षीय राकेश कुमार दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घायल युवती को तत्काल बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक राकेश कुमार दास, देवराम अमेठी पंचायत के नमती गांव निवासी सुरेश दास के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि दोनों 26 अप्रैल को होने वाली अपनी शादी के लिए बाजार में खरीदारी करने गए थे। वापस लौटते समय इब्राहिमपुर के पास यह हादसा हो गया, जिसने दोनों परिवारों की खुशियों को चंद पलों में उजाड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, राकेश और उनकी मंगेतर के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो समय के साथ गहरे रिश्ते में बदल गई। परिवारों की सहमति के बाद उनकी शादी तय हुई थी, लेकिन शादी से महज 9 दिन पहले यह हादसा हो गया।
घटना के बाद जहां राकेश के घर में कोहराम मचा हुआ है, वहीं मंगेतर की गंभीर हालत ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बहेड़ा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है।