रिश्वत लेते रंगे हाथ सहायक अभियंता गिरफ्तार, SVU की बड़ी कार्रवाई
रिश्वत लेते रंगे हाथ सहायक अभियंता गिरफ्तार, SVU की बड़ी कार्रवाई
रिश्वत लेते रंगे हाथ सहायक अभियंता गिरफ्तार, SVU की बड़ी कार्रवाई
दस्तक 7मीडिया,पूर्णियाँ/पटना
भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार शिक्षा परियोजना, पूर्णियाँ में पदस्थापित सहायक अभियंता भूषण प्रसाद को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी उनके आवास से की गई।
SVU के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवादी नंदन कुमार झा (ग्राम-हेमनगर, बलुआ, थाना-सरसी, जिला-पूर्णियाँ) ने विशेष निगरानी इकाई, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सहायक अभियंता भूषण प्रसाद द्वारा विद्यालय भवन निर्माण कार्य के Measurement Book (M.B.) पर हस्ताक्षर करने के एवज में 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान यह बात सही पाई गई। आरोपी अभियंता ने स्पष्ट रूप से कहा था कि जब तक 10,000 रुपये नहीं दिए जाएंगे, तब तक M.B. पर हस्ताक्षर नहीं किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि शिकायतकर्ता द्वारा अंचल-डगरूआ, थाना-मीनापुर क्षेत्र में विद्यालय भवन का निर्माण कराया गया था, जिसके बिल भुगतान के लिए M.B. पर हस्ताक्षर आवश्यक था। इसी प्रक्रिया में 6 प्रतिशत की दर से 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
मामले में विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या-14/2026, दिनांक 15.04.2026 के तहत धारा-7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके आवास पर रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान किया जा रहा है।
SVU ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत कार्यालय अवधि में विशेष निगरानी इकाई के दूरभाष संख्या 0612-2506253 या मोबाइल नंबर 9031633644 पर की जा सकती है।