सब्जी खरीद रही शिक्षिका से चेन छीनकर भाग रहा उचक्का धराया, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
सब्जी खरीद रही शिक्षिका से चेन छीनकर भाग रहा उचक्का धराया, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
सब्जी खरीद रही शिक्षिका से चेन छीनकर भाग रहा उचक्का धराया, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
दस्तक 7मीडिया/दरभंगा
लहेरियासराय थाना क्षेत्र के रहमगंज स्थित मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई, जहां सब्जी खरीद रही एक शिक्षिका के गले से सोने की चेन छीनकर भाग रहे उचक्के को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले डायल 112 की बाइक पर सवार दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दरोगा अमित कुमार, पीयूष कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुबनी जिला के विश्व थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरलिया चौक बजरहा गांव निवासी कैलाश नट के पुत्र राजेश कुमार नट के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, रहमगंज बैंकर्स कॉलोनी निवासी शंभू कुमार की पत्नी एवं शिक्षिका प्रतिमा कुमारी गुरुवार सुबह सड़क किनारे सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने कटर से उनके गले से सोने की चेन काट ली और भागने लगा। तभी शिक्षिका को इसका एहसास हुआ और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनते ही आसपास के लोग जुट गए और भाग रहे उचक्के को दौड़ाकर पकड़ लिया। उसके पास से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई। इसके बाद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस को सूचना दी।
प्रभारी थानाध्यक्ष शंभू प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बस से दरभंगा आया था और मधुबनी से आकर घटना को अंजाम दिया। फिलहाल उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा उसके अन्य साथियों के बारे में भी पूछताछ जारी है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।