जनगणना 2027 की तैयारी तेज, बेनीपुर में प्रगणकों का प्रशिक्षण शुरू

दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा 

भारत की जनगणना 2027 को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बेनीपुर प्रखंड में व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 13 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक प्लस टू जयानन्द उच्च विद्यालय, बहेड़ा में संचालित हो रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड चार्ज पदाधिकारी श्री प्रवीण कुमार द्वारा की जा रही है। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए कुल 6 फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति की गई है, जो प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।

पहले बैच का प्रशिक्षण 13 अप्रैल से 16 अप्रैल तक आयोजित किया गया, जिसमें 125 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। वहीं, दूसरे बैच का प्रशिक्षण 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक जारी है, जिसमें 117 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

प्रखंड प्रशासन के अनुसार, बेनीपुर में कुल 426 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य, डाटा संकलन, मोबाइल एप के उपयोग, घर सूचीकरण सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि प्रशिक्षित कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना 2027 का कार्य अधिक पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सकेगा।