दरभंगा में ‘पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को लेकर समीक्षा बैठक, अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने पर जोर

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में पी.एम. सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंताओं के साथ अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिया कि अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर योजना की जानकारी दें और उन्हें सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ाकर ही योजना का अधिकतम लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

विद्युत विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले 8 दिनों में जिले के 1400 घरों का सर्वेक्षण किया गया, जिसमें 169 उपभोक्ताओं ने योजना में रुचि दिखाई है। जिलाधिकारी ने सभी अभियंताओं को कम-से-कम 50 इच्छुक उपभोक्ताओं को चिन्हित कर आवेदन प्रक्रिया के लिए तैयार करने का निर्देश दिया।

उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 20 अप्रैल 2026 (सोमवार) को लहेरियासराय स्थित ऑडिटोरियम में विशेष बैंक ऋण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस शिविर में इच्छुक लाभुकों को सोलर पैनल स्थापना के लिए आसान ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे योजना का लाभ शीघ्र मिल सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि इच्छुक उपभोक्ता पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार संख्या और बिजली बिल आवश्यक होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत अधिक-से-अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने के लिए सक्रियता से कार्य करें।

बैठक में अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता  विकास कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (ग्रामीण) के  अमोद कुमार, बेनीपुर प्रमंडल के पदाधिकारी, सभी सहायक एवं कनीय अभियंता, बैंक प्रतिनिधि एवं अधिकृत वेंडर उपस्थित रहे।